
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान में जारी हिंसा अब रुक रही है और वहां किसी भी प्रदर्शनकारी को फांसी देने की कोई योजना नहीं है. ट्रंप ने यह बात बुधवार को कही और कहा कि उन्हें यह जानकारी भरोसेमंद सूत्रों से मिली है. हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि सच्चाई जल्द सामने आ जाएगी. ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों को कुचलने को लेकर दुनिया भर में चिंता गहराती जा रही है. मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि बीते कुछ हफ्तों में हजारों लोगों की जान जा चुकी है और हजारों गिरफ्तार किए गए हैं. पश्चिमी देशों ने ईरान को साफ चेतावनी दी है कि अगर फांसी दी गई तो इसके गंभीर नतीजे होंगे.
क्या ईरान पर अमेरिका करेगा हमला?
इसी बीच खबर है कि अमेरिका ने मध्य पूर्व में अपने कुछ सैन्य ठिकानों से स्टाफ को हटाना शुरू कर दिया है. अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है. ईरान ने चेतावनी दी थी कि अगर अमेरिका ने हमला किया तो आसपास के देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डे निशाने पर होंगे. यूरोप के दो अधिकारियों ने दावा किया है कि अमेरिका अगले 24 घंटों में ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई कर सकता है. वहीं इजरायल के एक अधिकारी ने कहा कि ट्रंप ने दखल देने का मन बना लिया है, लेकिन कब और कैसे यह होगा, यह अभी साफ नहीं है.
