
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) पर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने एक्सप्रेसवे के एग्जिट को चौड़ा करने का काम शुरू कर दिया है. सैन विहार के सामने एग्जिट बनने के बाद से ही DME और NH-9 पर लगातार जाम की स्थिति बन रही थी, जिसे दूर करने के लिए अब बुनियादी ढांचे में सुधार किया जा रहा है. NHAI के मुताबिक, यह निर्माण कार्य अगले 60 दिनों तक चलेगा, जिसके दौरान यात्रियों को पीक ऑवर्स में भारी जाम का सामना करना पड़ सकता है.
क्यों हो रहा है निर्माण और क्या आएगी दिक्कत?
दरअसल, पूर्व में सैन विहार के सामने केवल एक लेन का एग्जिट बनाया गया था, जिसकी वजह से वाहनों का दबाव बढ़ने पर ट्रैफिक रेंगने लगता था. अब इसे चौड़ा करने का फैसला लिया गया है. निर्माण कार्य के लिए भारी मशीनरी सड़क पर उतारी गई है और सुरक्षा के लिहाज से सड़क का एक बड़ा हिस्सा बैरिकेडिंग करके बंद कर दिया गया है. इस कारण एक्सप्रेसवे की कुछ लेन्स ब्लॉक रहेंगी, जिससे ट्रैफिक की रफ्तार धीमी होना तय है.
