
राम मंदिर आंदोलन के दिग्गज और भाजपा के फायरब्रांड नेता विनय कटियार गुरुवार को मकर संक्रांति के अवसर पर रामलला के दर्शन करने अयोध्या पहुंचे. हालांकि, उनकी यह यात्रा चर्चाओं में तब आ गई जब उन्हें राम मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार (आदि शंकराचार्य गेट) पर सुरक्षा कारणों से रोक दिया गया. करीब 15 से 20 मिनट तक प्रोटोकॉल पास का इंतजार करने के बाद ही उन्हें परिसर में प्रवेश मिल सका.
समर्थकों में दिखी नाराजगी, कटियार ने दी सफाई
जैसे ही विनय कटियार का काफिला गेट नंबर 11 पर पहुंचा, सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया. सूचना मिली कि उनका प्रोटोकॉल पास अभी वहां तक नहीं पहुंचा है. इस देरी से कटियार के साथ आए समर्थक भड़क गए और मौके पर हंगामा शुरू हो गया. हालांकि, विनय कटियार ने स्थिति को संभालते हुए कहा, ‘हम बिना सूचना दिए चलने वाले लोग हैं, अगर 15 मिनट की देरी हुई तो कोई बात नहीं, अंततः रामलला के दर्शन हो गए.’
