
पाकिस्तान कहां भारत और अफगानिस्तान की धरती पर अपनी नजरें गड़ाए बैठा है, वहीं उसके अंदरूनी हालात ये हैं कि बलूचिस्तान भी उनसे नहीं संभल रहा है. मुनीर की सेना बलोचिस्तान लिबरेशन आर्मी के लड़ाकों के आगे पानी मांग रही है. तभी तो पाकिस्तान के इस प्रांत में जो तांडव बलोच विद्रोहियों ने किया, उसने पाकिस्तानी सिक्योरिटी की बखिया उधेड़ दी. दूर-दराज के इलाके खारान में मंगलवार रात भारी हिंसा देखने को मिली. बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के लड़ाकों ने उस पुलिस चौकी पर कब्जा जमा लिया, जो उन्हें रोकने के लिए लगाई गई थी.
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी की ओर से सरकारी बिल्डिंगों को निशाना बनाया गया था, जिसके बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बड़ा जवाबी अभियान शुरू किया. सूत्रों के मुताबिक इलाके में अब भी तलाशी और सफाई अभियान जारी है. स्थानीय सूत्रों ने बताया कि भारी हथियारों से लैस बीएलए लड़ाकों ने देर रात खारान सिटी पुलिस स्टेशन पर कब्जा कर लिया. वे शहर के अलग-अलग हिस्सों में फैल गए थे और इस दौरान उन्होंने वहां हिरासत में रखे अपने कई साथियों को छुड़ा लिया.
