
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा में चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए जो 20 सूत्रीय योजना बनाई थी, उसके दूसरे चरण की शुरुआत हो चुकी है. इसके लिए एक नया बोर्ड ऑफ पीस गठित किया है. इस बोर्ड की कमान तीन लोगों को दी गई है, जिसमें एक अमेरिकी, एक ब्रिटिश और एक भारतीय मूल के शख्स को भी शामिल किया गया है. व्हाइट हाउस ने इस बात की जानकारी दी है.
व्हाइट हाउस से दी गई जानकारी के मुातबिक ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री रह चुके टोनी ब्लेयर इस बोर्ड के संस्थापक कार्यकारी सदस्यों में होंगे. उनके साथ ट्रंप के दामाद जैरेड कुशनर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और मध्य पूर्व के लिए अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ भी शामिल हैं. व्हाइट हाउस ने कहा कि ये बोर्ड गाजा की स्थिरता और लंबे समय के विकास से जुड़े अहम क्षेत्रों की निगरानी करेगा. इसमें प्रशासनिक ढांचा मजबूत करना, क्षेत्रीय रिश्ते, पुनर्निर्माण, निवेश आकर्षित करना, बड़े पैमाने पर फंडिंग और पूंजी जुटाना शामिल है.
