
देश के सबसे अमीर नगर निगम बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के नतीजे साफ होने के बाद अब मुंबई के मेयर पद को लेकर बीजेपी और शिवसेना (एकनाथ शिंदे) के बीच खींचतान शुरू हो गई है. एकनाथ शिंदे गुट ने राजनीतिक जोड़तोड़ की आशंका के बीच अपने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को सुरक्षित रखने के लिए होटल में लॉक कर दिया है.
वहीं शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि एकनाथ शिंदे बीजेपी से डरे हुए हैं. इसलिए उन्होंने अपने पार्षदों को पांच सितारा होटल में ठहराया है. उधर कांग्रेस नेता उदित राज ने दावा कि बीजेपी ही मुंबई में मेयर बनाएगी और शिंदे को बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा.
दरअसल महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों के चुनाव में महायुति ने 25 पर बहुमत हासिल किया. वहीं बीएमसी में महायुति ने 118 सीटें जीतीं, जिसमें बीजेपी ने 89 और शिवसेना ने 29 सीटें हासिल कीं. वहीं उद्धव ठाकरे की शिवसेना को 65, कांग्रेस को 24, असदुद्दीन ओवैसी को 8, राज ठाकरे की मनसे 6, अजित पवार की एनसीपी को 3, समाजवादी पार्टी को 2 और एनसीपी (शरद पवार) को 1 मिली है.
इस तरह बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने मिलकर बीएमसी में स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है. हालांकि सीटों के इस गणित से साफ है कि बीजेपी अपने दम पर निगम नहीं चला सकती और उसे शिंदे गुट के समर्थन की जरूरत होगी. यही वजह है कि कम सीटें होने के बावजूद शिंदे गुट अब ‘किंगमेकर’ की भूमिका में आ गया है. यही वजह है कि एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने मुंबई के मेयर पद पर दावा ठोक दिया है और ढाई-ढाई साल के फॉर्मूले की मांग की है.
