
ऑपरेशन सिंदूर में बुरी तरह मात खाने के बावजूद पाकिस्तान दुनिया में अपने गुणगान में व्यस्त है. वह इस्लामिक कट्टरपंथ के मसले पर भी खूब उपदेश दे रहा है. बीते दिनों उसके सेना प्रमुख और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने भी एक इस्लामिक मुल्क में कुछ ऐसा ही उपदेश दिया. दुनिया के एक कुख्यात तानाशाह कर्नल गद्दाफी के देश में आसिम मुनीर ने उपदेश देते हुए कहा कि जब आप भय को त्याग देते हैं तो आप दुनिया में एक से बढ़कर एक आश्चर्यजनक चीजें कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान काफी पहले इस बात को सीख गया था. और आज हम कुछ भी कर सकते हैं. हम अपनी तकनीक के दम पर इसे कर सकते हैं. इस चीज को हमने हाल में भारत के साथ हुए युद्ध में दिखा दिया है. मुनीर ने कहा कि हमने इस जंग में भारत को काफी नुकसान पहुंचाया.
लेकिन, रोटी के लिए मोहताज हो चुकी पाकिस्तान की जनता के सेना प्रमुख की यह बात हजम नहीं हो रही. ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पूरी दुनिया के युद्ध विशेषज्ञ और थिंक टैंक बार-बार कह रहे हैं कि भारत ने इस ऑपरेशन में पाकिस्तानी एयरफोर्स की कमर तोड़ दी थी. भारत ने अपने एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम और ब्रह्मोस मिसाइल के जरिए उसके कई एयरबेस और विमानों को तबाह कर दिया था. ऐसे में कोई भी व्यक्ति इंटरनेशनल सामरिक जानकारों की रिपोर्ट के आधार कह सकता है कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख की यह बात कितनी ओछी है.
