
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को बड़ा झटका दिया है. फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इस हफ्ते पेरिस में यूरोपीय नेताओं के साथ G-7 की एक इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है, ताकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग्रीनलैंड को हासिल करने की कोशिश और टैरिफ को लेकर अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव पर बात की जा सके. मगर अब यह साफ हो गया है कि डोनाल्ड ट्रंप मैक्रों के बुलाए इस बैठक में शामिल नहीं होंगे.
डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि वह मीटिंग में शामिल नहीं होंगे. ट्रंप के मुताबिक, इसकी एक वजह यह भी है कि मैक्रों अधिक समय तक अपने देश का नेतृत्व नहीं करेंगे. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को व्हाइट हाउस की प्रेस ब्रीफिंग में अपने दूसरे कार्यकाल की पहली सालगिरह मनाने के लिए आए थे.
यह दुर्लभ मौका तब आया है जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ग्रीनलैंड पर अपने प्रस्तावित टैरिफ को लेकर अमेरिका के यूरोपीय सहयोगियों से जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ रहा है, जिसका सामना वह इस हफ्ते स्विट्जरलैंड के दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में खुद करेंगे.
