
संगम की रेती पर इन दिनों माघ मेला चल रहा है और माघ मेले में देश के कोने-कोने से संत महात्मा भी पहुंचे हैं. माघ मेले में आए कई संत महात्मा जहां अपनी कठिन साधना में लीन हैं. वहीं माघ मेले में एक ऐसे संत का भी शिविर लगा है. जहां पर पहुंचकर लोग एक बार ठिठक कर रुक जाते हैं. ऐसा इसलिए नहीं है कि यहां पर कोई ऐसी साधना हो रही है जिसकी वजह से लोग रुकते हैं. बल्कि सेक्टर 6 में संगम लोअर मार्ग पर स्थित इस शिविर के बाहर जो बैनर लगा है उस पर जो नाम लिखा है उसको देखकर लोग यहां रुकते हैं.
इस बैनर पर लिखा है फटीचर बाबा का राम-राम. न्यूज़ 18 की टीम जब यहां पहुंची तो फटीचर बाबा के बारे में पड़ताल की. शिविर के अंदर जाने पर पता चला कि फटीचर बाबा महाराष्ट्र के मलाड ईस्ट से यहां पहुंचे हैं. उनका गुरु मंत्र ही राम-राम है. उनके भक्त भी राम नाम के कपड़े पहनते हैं. कई भक्तों ने अपने शरीर पर भी राम-राम लिखवा रखा है. शिविर के अंदर 24 घंटे राम नाम का जाप चल रहा है. फटीचर बाबा का कहना है कि उन्हें यह नाम ईश्वर से ही मिला है. इसलिए उन्हें यही नाम अब अच्छा लगता है.
