
दुनिया भर में गाजा युद्ध की चर्चा है मगर पाकिस्तान में एक नया खतरा पनप रहा है. अमेरिका की एक रिपोर्ट ने सनसनीखेज खुलासा किया है. रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान अब हमास के लिए नया ठिकाना बन रहा है. खासकर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में हमास अपने पैर पसार रहा है. आतंकी संगठन यहां अपना वैचारिक और ‘लॉजिस्टिकल बेस’ तैयार कर रहा है.
यह पश्चिमी देशों के लिए खतरे की घंटी है. एक तरफ अमेरिका गाजा में शांति चाहता है. वहीं पाकिस्तान हमास के नेताओं को खुली छूट दे रहा है. रिपोर्ट में कहा गया है कि यह गठजोड़ दुनिया के लिए भारी पड़ सकता है. अगर इसे नहीं रोका गया तो अंजाम बुरा होगा. पाकिस्तान का यह रवैया उसे कूटनीतिक रूप से अलग-थलग कर सकता है.
ट्रंप का शांति प्रस्ताव और पाकिस्तान का डबल गेम
अमेरिका ने 15 जनवरी 2026 को ‘बोर्ड ऑफ पीस’ बनाया है. इसका मकसद गाजा में शांति लाना और वहां भरोसेमंद सरकार बनाना है. प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने इस मिशन में पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ को भी न्योता दिया. मगर पाकिस्तान का असली चेहरा कुछ और ही है. रिपोर्ट कहती है कि वहां हमास के नेता खुलेआम घूम रहे हैं. वे रैलियां कर रहे हैं और जहर उगल रहे हैं. यह अमेरिका की कोशिशों पर पानी फेरने जैसा है. अब सवाल उठ रहा है कि क्या पाकिस्तान अब भी अमेरिका का ‘मेजर नॉन-नाटो एली’ रहने लायक है.
