
गोवा नाइट क्लब अग्निकांड में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. लूथरा ब्रदर्स और उनके सहयोगियों के 8 ठिकानों पर छापे मारे गए हैं. ED ने शुक्रवार को गोवा के चर्चित ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब अग्निकांड के आरोपियों सौरभ और गौरव लूथरा के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है. केंद्रीय जांच एजेंसी ने लूथरा भाइयों से जुड़े कुल 8 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है, जिनमें से 3 ठिकाने गोवा में और 5 दिल्ली में स्थित हैं. यह कार्रवाई 6 दिसंबर को हुए उस भीषण अग्निकांड के बाद मनी लॉन्ड्रिंग के संदेह में की गई है, जिसमें 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी.
जानकारी के अनुसार, पुलिस जांच में पहले ही लूथरा ब्रदर्स का 42 मुखौटा कंपनियों का एक जाल है, जो दिल्ली के एक ही पते पर रजिस्टर्ड हैं. इन कंपनियों के जरिए करोड़ों रुपये की हेराफेरी और काले धन को सफेद करने की आशंका जताई जा रही है. हाल ही में थाईलैंड से डिपोर्ट होकर भारत लाए गए लूथरा ब्रदर्स की मुश्किलें इस छापेमारी के बाद और बढ़ सकती हैं. ED की टीमों ने शुक्रवार 23 जनवरी 2026 की सुबह दिल्ली और गोवा में एक साथ दबिश दी. दिल्ली में लूथरा भाइयों के निवास और उनके उत्तर दिल्ली स्थित कार्यालयों की तलाशी ली जा रही है, जहां से शेल कंपनियों के ऑपरेट होने का संदेह है. वहीं, गोवा के उन ठिकानों और क्लब से जुड़े कार्यालयों को खंगाला जा रहा है, जहां से वित्तीय लेन-देन होता था. जांच एजेंसी का फोकस उन दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों को जुटाना है, जो अवैध फंड के सोर्स का खुलासा कर सकें.
