
एक तरफ पाकिस्तान के आर्मी चीफ विदेश में भी बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर घूम रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार रात एक शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. डेरा इस्माइल खान के कुरैशी मोर इलाके में पीस कमेटी प्रमुख नूर आलम महसूद के घर पर आत्मघाती हमला हुआ. इस धमाके में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और दस से ज्यादा लोग घायल हो गए. घायलों में खुद नूर आलम महसूद भी शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक हमला उस वक्त हुआ, जब घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था. लोग ढोल की धुन पर नाच रहे थे, तभी जोरदार धमाका हुआ. धमाके से कमरे की छत गिर गई, जिससे कई लोग मलबे में दब गए और बचाव काम में काफी दिक्कत आई. इससे पहले भी एक शादी समारोह में सिलेंडर ब्लास्ट में 8 लोगों की मौत हुई थी.
हमलावर ने खुद को उड़ाया
हमलावर ने खुद को उड़ा लिया था. धमाके के बाद कुछ देर फायरिंग की भी खबर है. डॉन न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि रेस्क्यू 1122 के अनुसार मौके से पांच शव और दस घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों को जिला मुख्यालय अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां इमरजेंसी लागू कर दी गई. सात एंबुलेंस, फायर वाहन और आपदा वाहन तुरंत मौके पर भेजे गए. मरने वालों में पीस कमेटी के सदस्य वहीदुल्लाह महसूद उर्फ जिगरी महसूद और वकील अब्दुल मजीद लगरी शामिल हैं. एक युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है.
