
बिहार कांग्रेस के 6 विधायकों के पार्टी छोड़ने की अटकलों के बीच पार्टी आलाकमान को दिल्ली में इमरजेंसी बैठक बुलानी पड़ी. शुक्रवार शाम को यह बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बुलाई गई. दरअसल, पटना में कांग्रेस के पार्टी कार्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित दही-चूड़ा भोज में पार्टी के एक भी विधायक नहीं पहुंचे थे. ऐसे में विधायकों के पार्टी छोड़ने के कयास लगाए जा रहे थे. जिसके बाद दिल्ली में मीटिंग बुलाई गई, जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी मौजूद रहे.
दिल्ली में हुई कांग्रेस विधायकों की अहम बैठक में राहुल गांधी ने बिहार को लेकर सीधा और सख्त संदेश दिया. बैठक के दौरान उन्होंने दो टूक सवाल किया कि अगर पार्टी छोड़ने का मन है तो अभी साफ-साफ बता दें. राहुल गांधी ने कहा कि जो भी विधायक पार्टी छोड़ना चाहता है, वह अपना कारण भी खुलकर बताए, ताकि भ्रम और अटकलों का दौर खत्म हो सके. इस सवाल के बाद बैठक में कुछ देर के लिए गंभीर माहौल बन गया.
