
चीन में क्या राष्ट्रपति शी जिनपिंग को मारने की साजिश रची गई? यह सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि चीनी सेना में एक बार फिर उथल-पुथल मच गई है. चीनी रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को पुष्टि की कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के सबसे ताकतवर जनरलों में शामिल झांग यूश्या (Zhang Youxia) जांच के घेरे में आ गए हैं. वह शी जिनपिंग के सबसे करीबी लोगों में से एक रहे हैं. हालांकि एक्सपर्ट्स कहते हैं कि वह अब जिनपिंग को हटाने में जुटे थे, लेकिन जिनपिंग ने उन्हे ही जाल में फंसा लिया. उन पर ‘अनुशासन और कानून के गंभीर उल्लंघन’ के आरोप लगे हैं.
कौन हैं झांग यूश्या?
झांग चीन की सबसे ताकतवर सैन्य संस्था सेंट्रल मिलिट्री कमीशन (CMC) के वाइस चेयरमैन हैं और सेना में उनका रुतबा बेहद ऊंचा माना जाता है. झांग यूश्या वही अधिकारी हैं, जो सीधे राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ सेना की कमान संभालते रहे हैं. वह 75 साल के हैं और 1968 में सेना में शामिल हुए थे. जमीन पर लड़ने वाली फोर्स से निकले इस जनरल को चीनी सेना का अनुभवी चेहरा माना जाता है. लेकिन अब वही जनरल सत्ता की जांच मशीनरी की चपेट में आ गए हैं. रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में यह नहीं बताया कि झांग पर आरोप क्या हैं. लेकिन चीन में ‘अनुशासन उल्लंघन’ का मतलब अक्सर भ्रष्टाचार, सत्ता के गलत इस्तेमाल या पार्टी लाइन से हटना होता है. चीन में इस तरह की जांच आम तौर पर पद से हटाए जाने और फिर सख्त सजा तक जाती है.
