
UAE में अमेरिका की मध्यस्थता से चल रही रूस यूक्रेन वार्ता का दूसरा दौर भी बिना किसी समझौते के खत्म हो गया. मीटिंग से अच्छी बात ये रही कि दोनों पक्षों ने सम्मान के साथ बातचीत की और आगे भी बातचीत जारी रखने पर सहमति जताई है. अगली बैठक अगले रविवार को फिर अबू धाबी में होने की उम्मीद है. इसी बीच रूस ने रात में यूक्रेन पर बड़ा हवाई हमला कर दिया, जिससे भीषण ठंड में दस लाख से ज्यादा लोग अंधेरे में डूब गए. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बैठक के बाद कहा कि चर्चा का मुख्य मुद्दा युद्ध खत्म करने के रास्ते तलाशना रहा. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि बातचीत का फोकस इसी पर था कि जंग कैसे रोकी जाए.
पहली बार रूस-यूक्रेन की मीटिंग
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक अगली बातचीत अगले रविवार को फिर होगी. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि कमरे में दोनों पक्ष एक दूसरे से सम्मान के साथ बात कर रहे थे और समाधान ढूंढने की कोशिश साफ दिख रही थी. उनका कहना था कि बातचीत अब बारीक मुद्दों तक पहुंच चुकी है और अगली बैठक में इस डील को आखिरी मोड़ तक ले जाने की कोशिश होगी. संयुक्त अरब अमीरात की सरकार ने बताया कि रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधि आमने सामने बैठे. यह करीब चार साल की जंग में बेहद दुर्लभ है. बातचीत में अमेरिका के शांति प्लान से जुड़े अधूरे बिंदुओं पर चर्चा हुई.
