
पहाड़ों पर भारी बर्फबारी ने मैदानी इलाकों का मौसम भी बदल दिया है. जम्मू कश्मीर से लेकर हिमाचल और उत्तराखंड में लगातार बर्फबारी हो रही है. मैदानी इलाकों में जहां शीतलहर खत्म होती दिख रही थी इस बर्फबारी ने एक बार फिर ठंड को बढ़ा दिया है. वहीं देश की राजधानी दिल्ली में बारिश ने AQI में मामूली सुधार तो किया है लेकिन लोगों का मिजाज भी खराब कर दिया. इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने चिंता बढ़ा देने वाला अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने अपने अलर्ट में कहा है कि 27 और 28 जनवरी को कुदरत अपना रौद्र रूप दिखा सकती है.
मौसम विभाग की चेतावनी एक सबसे बड़ा कारण नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस. नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ने पूरे उत्तर भारत को अपनी चपेट में ले लिया है. पहाड़ों पर भारी बर्फबारी, मैदानों में बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका ने चिंता बढ़ा दी है. कई राज्यों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है. ठंड एक बार फिर जानलेवा हो सकती है. IMD ने अपने अलर्ट में साफ कहा है कि आने वाले 48 घंटे बेहद अहम हैं.
