
बिहार की राजधानी पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट (NEET) की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है. SIT ने जांच तेज कर दी है. टीम ने छह संदिग्धों को DNA जांच के लिए गर्दनीबाग अस्पताल ले जाकर उनके सैंपल लिए. मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सभी संदिग्धों के DNA सैंपल सुरक्षित तरीके से जुटाए गए.DNA सैंपल लेने के बाद SIT सभी छह संदिग्धों को अपने साथ लेकर रवाना हो गई. इस मामले में पहले ही FSL रिपोर्ट सामने आ चुकी है, जिसमें छात्रा के अंडरगारमेंट्स से मेल स्पर्म मिलने की पुष्टि हुई थी. पुलिस का कहना है कि DNA रिपोर्ट आने के बाद मामले में अहम खुलासे हो सकते हैं. जांच टीम हर पहलू से मामले की जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके और दोषियों तक जल्द पहुंचा जा सके.
लगभग 20 दिनों की जांच के बाद पटना पुलिस ने इस केस में POCSO एक्ट की धाराएं जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, FSL रिपोर्ट में छात्रा के अंडरगारमेंट्स में मेल स्पर्म की पुष्टि होने के बाद रेप की पुष्टि हुई है. इसी के चलते अब छात्रा को नाबालिग मानते हुए POCSO एक्ट लगाया गया है. साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है.
