
महाराष्ट्र की राजनीति उस वक्त सन्न रह गई, जब सुबह-सुबह खबर आई कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार को ले जा रहा प्राइवेट विमान बारामती में लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक यह Learjet 45 विमान रनवे के पास संतुलन खो बैठा. इसके बाद जोरदार टक्कर और फिर ईंधन टैंक में आग लगने की बात सामने आई. हादसा इतना भयावह बताया जा रहा है कि मौके पर मलबा कई हिस्सों में बिखर गया. इसी के साथ यह सवाल भी उठने लगा कि अब आगे क्या होगा. इस क्रैश की असली वजह कैसे सामने आएगी?
सूत्रों के अनुसार अजित पवार मुंबई से बारामती जिला परिषद चुनाव प्रचार के लिए रवाना हुए थे. बारामती उनका राजनीतिक गढ़ माना जाता है. लेकिन लैंडिंग के वक्त हुआ यह हादसा केवल एक दुर्घटना है या किसी बड़ी चूक का नतीजा यह अभी साफ नहीं है. Learjet 45 जैसे अत्याधुनिक विमान का इस तरह क्रैश होना कई सवाल खड़े करता है. DGCA, विमानन विशेषज्ञ और जांच एजेंसियां अब हर एंगल से जांच की तैयारी में हैं. देशभर की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मलबे और तकनीकी सबूतों से क्या सच सामने आएगा.
