
राजधानी लखनऊ में लग्जरी आवास की तलाश कर रहे लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ऐशबाग के मिल रोड क्षेत्र में एक अत्याधुनिक रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहा है. ऐशबाग स्क्वायर नाम से प्रस्तावित इस योजना के तहत 27 मंजिला बहुमंजिला अपार्टमेंट का निर्माण किया जाएगा. जिसमें आधुनिक सुविधाओं से लैस कुल 384 प्रीमियम फ्लैट उपलब्ध होंगे.
एलडीए उपाध्यक्ष की ओर से इस परियोजना को लेकर आदेश जारी कर दिए गए है. इसके तहत 28 फरवरी 2026 तक इच्छुक लोग एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर फ्लैट के लिए पंजीकरण करा सकेंगे. आवेदन के समय फ्लैट की अनुमानित लागत का 5 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करना होगा जबकि आरक्षित श्रेणी के आवेदकों के लिए यह राशि 2.5 प्रतिशत निर्धारित की गई है. फ्लैटों का आवंटन पूरी तरह लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा.
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार के अनुसार ऐशबाग स्क्वायर की लोकेशन शहर के लिहाज से बेहद खास है. यह परियोजना पुराने लखनऊ के घनी आबादी वाले क्षेत्र में विकसित की जा रही है. जहां बड़े आवासीय प्रोजेक्ट के लिए जगह मिलना आसान नहीं होता. यहां से चारबाग रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन के साथ-साथ नाका, आलमबाग और अमीनाबाद जैसे प्रमुख व्यावसायिक इलाके नजदीक होंगे. उन्होंने बताया कि इस योजना को शुरू करने से पहले ऑनलाइन डिमांड सर्वे कराया गया था. जिसमें लोगों की मजबूत रुचि सामने आने के बाद ही इसे हरी झंडी दी गई.
