
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीयर स्टार्मर ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनियों को नजरअंदाज करते हुए चीन से रिश्ते मजबूत करने की खुली वकालत की है. चीन दौरे पर पहुंचे स्टार्मर ने कहा कि आज की वैश्विक अर्थव्यवस्था में किसी बड़ी ताकत को पूरी तरह नजरअंदाज करना ब्रिटेन के हित में नहीं होगा. पिछले आठ वर्षों में चीन की यात्रा करने वाले स्टार्मर पहले ब्रिटिश प्रधानमंत्री हैं. उनकी यह यात्रा ऐसे वक्त पर हो रही है जब अमेरिका लगातार अपने सहयोगी देशों को चीन से दूरी बनाने की सलाह दे रहा है. ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि ब्रिटेन और चीन के बीच कोई भी बड़ा व्यापारिक समझौता ‘खतरनाक’ हो सकता है. इससे पहले कनाडा और चीन की करीबी को देखकर ट्रंप ने कनाडा पर टैरिफ की धमकी दी थी.
स्टार्मर ने ट्रंप को दिया जवाब
शंघाई में दिए गए एक इंटरव्यू में स्टार्मर ने कहा कि अगर ब्रिटेन अकेला ऐसा देश बन जाए जो चीन से बात करने से इनकार करे, तो यह एक मूर्खतापूर्ण फैसला होगा. उन्होंने याद दिलाया कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों हाल ही में चीन गए थे और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज भी बीजिंग जाने की तैयारी में हैं. स्टार्मर ने कहा कि चीन दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और उससे संवाद बनाए रखना राष्ट्रीय हित से जुड़ा सवाल है, न कि किसी एक देश को खुश करने का मामला.
