
25 दिसंबर 2025 की सुबह नवी मुंबई के उल्वे इलाके में कुछ खास थी. जैसे ही घड़ी ने सुबह 8 बजे का वक्त दिखाया, बेंगलुरु से आई इंडिगो की फ्लाइट 6E460 ने नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे को पहली बार छुआ. विमान के उतरते ही वाटर कैनन सैल्यूट दिया गया. खिड़की से बाहर यह नजारा देख रहे पैसेंजर्स के चेहरे पर मुस्कान साफ नजर आ रही थी. पहली फ्लाइट के बाद सुबह 8 बजकर 40 मिनट पर इंडिगो की ही फ्लाइट 6E882 हैदराबाद के लिए रवाना हुई.
यह नवी मुंबई एयरपोर्ट से पहला कमर्शियल डिपार्चर था. 25 दिसंबर को कुल 15 डिपार्चर फ्लाइट्स शेड्यूल की गई थीं, जो देश के प्रमुख शहरों के लिए थीं. 26 दिसंबर से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट रोजाना 25 फ्लाइट्स ऑपरेट करेगा. जनवरी 2026 तक फ्लाइट्स का यह नंबर 40 डिपार्चर प्रतिदिन तक पहुंचने की उम्मीद है. उम्मीद है कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, तेलंगाना समेत कई राज्यों के बीच रीजनल कनेक्टिविटी बेहतर भी होगी.
