
उत्तर कोरिया ने एक साथ दो मोर्चों पर ताकत का प्रदर्शन करते हुए साफ कर दिया है कि वह आने वाले समय में सैन्य दबाव और बढ़ाने के मूड में है. देश के सुप्रीम लीडर किम जोंग उन ने न सिर्फ लंबी दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल (Surface-to-Air Missile) के सफल परीक्षण की निगरानी की, बल्कि अपनी बेटी के साथ एक विशाल परमाणु-संचालित पनडुब्बी के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया. इसे प्योंगयांग की ओर से अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान के लिए सीधा और बहुस्तरीय संदेश माना जा रहा है.
