
अमेरिका ने हाल ही में सीरिया में इस्लामिक स्टेट (ISIS) के ठिकानों पर हमला किया था. अब एक और देश में ISIS पर अमेरिका ने जोरदार हमला बोला है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनके आदेश पर अमेरिकी सेना ने नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी इलाके में इस्लामिक स्टेट (ISIS) के आतंकियों पर घातक हवाई हमला किया है. सीरिया में ISIS पर हमला इसलिए किया गया था, क्योंकि उसके एक हमले में कई अमेरिकी सैनिक मारे गए और घायल हुए थे. लेकिन नाइजीरिया में हुई कार्रवाई का कारण कुछ और है, जिस कारण इसे खास क्रिसमस के मौके पर अंजाम दिया गया है.
क्रिसमस पर ही क्यों किया हमला
ट्रंप का आरोप है कि ये आतंकी लंबे समय से नाइजीरिया में खासतौर पर ईसाई समुदाय को निशाना बनाकर बेरहमी से हत्याएं कर रहे थे. ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि कमांडर-इन-चीफ होने के नाते उन्होंने इस कार्रवाई का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि ISIS के आतंकियों को पहले ही चेतावनी दी गई थी कि अगर ईसाइयों की हत्या नहीं रुकी, तो उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी. ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकी रक्षा विभाग ने बेहद सटीक और प्रभावी हमले किए, जैसे केवल अमेरिका ही कर सकता है.
