
राजस्थान के जयपुर जिले के चौमूं कस्बे में शुक्रवार तड़के बस स्टैंड के पास मस्जिद के बाहर सड़क किनारे पड़े पत्थर हटाने और रेलिंग लगाने के काम को लेकर शुरू हुआ विवाद उग्र हो गया. रात करीब 3 बजे कुछ लोगों के विरोध के बाद भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें कम से कम 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए. स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और अतिरिक्त बल तैनात किया. दिन चढ़ने तक इलाका छावनी में तब्दील हो गया, लेकिन अब हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं.
यह विवाद ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने से जुड़ा है. बस स्टैंड क्षेत्र में मस्जिद के पास करीब 45 वर्षों से सड़क किनारे पड़े पत्थरों की वजह से लगातार जाम लगता था, जिससे आमजन को परेशानी होती थी. एक दिन पहले पुलिस-प्रशासन ने मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की थी. बैठक में सभी पक्षों की सहमति से पत्थर हटाने का फैसला लिया गया ताकि यातायात सुचारू हो सके. गुरुवार को सहमति के आधार पर पत्थर हटा दिए गए. इसके बाद शुक्रवार की तड़के फिर पथराव शुरू हो गया.
