
सीरिया में अमेरिकी सैनिकों पर हुए हमले के बाद अमेरिका ने बड़ा जवाबी एक्शन लिया है. अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को सीरिया में इस्लामिक स्टेट यानी ISIS के दर्जनों ठिकानों पर हवाई हमले किए. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई पिछले सप्ताह अमेरिकी सैन्य कर्मियों पर हुए हमले का बदला है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही साफ कर चुके थे कि इस हमले का जवाब दिया जाएगा. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पुष्टि की है कि सीरिया में ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक चलाया जा रहा है. यह कार्रवाई 13 दिसंबर को मध्य सीरिया के पलमायरा इलाके में अमेरिकी और सहयोगी बलों पर हुए हमले के जवाब में की गई है. हेगसेथ ने बताया कि इस ऑपरेशन के तहत ISIS के आतंकियों, उनके 70 से ज्यादा ठिकानों और हथियारों को सीधे निशाना बनाया गया.
क्या अमेरिका शुरू कर रहा नई जंग?
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह किसी नई जंग की शुरुआत नहीं है, बल्कि अमेरिकी जवानों पर हुए हमले का बदला है. हेगसेथ ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दुनिया में कहीं भी अमेरिकियों को निशाना बनाया गया, तो अमेरिका हमलावरों को खोजकर खत्म करेगा. उनके मुताबिक अमेरिकी सेना ने अपने दुश्मनों को मारा है और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा. अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार यह एयरस्ट्राइक मध्य सीरिया में की गई और इसमें ISIS से जुड़े दर्जनों ठिकानों को निशाना बनाया गया. अधिकारियों ने पहचान उजागर न करने की शर्त पर बताया कि यह कार्रवाई बेहद सटीक और व्यापक थी
