
प्रशांत महासागर के ऊपर से उड़ रहे एक पायलट ने कुछ ऐसी तस्वीरें खींची हैं. जिन्हें देखकर पूरी दुनिया के होश उड़ गए हैं. घने अंधेरे के बीच समंदर का एक बड़ा हिस्सा खून की तरह लाल चमक रहा था. यह नजारा इतना खौफनाक था कि इसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाए. शुरुआत में लोगों को लगा कि यह कोई प्राकृतिक आपदा है. या शायद समंदर के नीचे कोई ज्वालामुखी फट रहा है. लेकिन हकीकत इससे कहीं ज्यादा चौंकाने वाली निकली. यह लाल रोशनी किसी कुदरती करिश्मे से नहीं. बल्कि चीन के विशालकाय जहाजों के बेड़े से निकल रही थी. सैकड़ों की संख्या में ये जहाज रात के अंधेरे में समंदर को चीर रहे थे. इन जहाजों पर लगी लाल एलईडी लाइटें समंदर को नर्क जैसा बना रही थीं. यह रोशनी इतनी तेज थी कि बादलों को चीरकर आसमान तक जा रही थी.
आखिर क्यों समंदर के पानी को खून जैसा लाल कर रहा है चीन?
चीन के ये जहाज असल में ‘जायंट स्क्विड’ का शिकार कर रहे हैं. इसके लिए वे एक खास तकनीक का इस्तेमाल करते हैं. जहाजों पर लाल एलईडी लाइटों का जाल बिछाया जाता है. स्क्विड इन खास तरंगों की ओर खिंचे चले आते हैं. लाल लाइट की वेवलेंथ उन्हें शिकार के लिए आकर्षित करती है. अंधेरे में शिकार करने का यह सबसे सटीक तरीका है. इससे जहाजों की पकड़ने की ताकत कई गुना बढ़ जाती है. चीन ने अब मछलियों के बजाय स्क्विड को निशाना बनाया है. क्योंकि समंदर में दूसरी मछलियां अब बहुत कम बची हैं. यह बदलाव पूरी दुनिया के लिए बहुत बड़ा खतरा है.
