
ताइवान में एक आतंकी हमले में 3 लोग मारे गए हैं. इस अटैक में 9 अन्य लोग घायल भी हुए हैं. राजधानी ताइपे में शुक्रवार शाम एक व्यक्ति ने चाकू और स्मोक ग्रेनेड से अचानक हमला कर दिया. इस हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए. घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद आरोपी ने एक डिपार्टमेंट स्टोर की इमारत से कूदकर जान दे दी.
पुलिस के अनुसार, आरोपी को अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. ताइवान की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी सेंट्रल न्यूज ने बताया कि आरोपी ने ताइपे मेन मेट्रो स्टेशन के एक भूमिगत निकास के पास स्मोक ग्रेनेड फेंका, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. इसके बाद आरोपी शहर के एक लोकप्रिय शॉपिंग इलाके की ओर गया. वहां उसने एसलाइट डिपार्टमेंट स्टोर की पहली और चौथी मंजिल पर मौजूद लोगों पर चाकू से हमला किया. पुलिस के हवाले से बताया गया कि उसने मुख्य रूप से लोगों की गर्दन पर वार किए.
तीन लोगों की मौत की पुष्टि
स्थानीय अस्पतालों ने पुष्टि की है कि हमले में तीन लोगों की मौत हुई है. ताइपे सिटी सरकार के मुताबिक, इस अटैक में घायल हुए 9 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. ताइवान के प्रधानमंत्री चो जंग-ताई ने बताया कि घायलों में एक पैदल यात्री भी शामिल है, जो हमले के बाद गिर पड़ा था और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई थी. स्मोक ग्रेनेड के धुएं से एक अन्य व्यक्ति को सांस लेने में परेशानी हुई.
