
कांग्रेस के नए मुख्यालय इंदिरा भवन में पहली बार पार्टी का स्थापना दिवस मनाया गया. कांग्रेस के इस 140वें स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ध्वजारोहण किया. इस दौरान देशभर के वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में मौजूद रहे. खास बात यह रही कि पार्टी लाइन से अलग राय रखने और सवाल उठाने को लेकर चर्चा में रहे दिग्विजय सिंह भी कार्यक्रम में पहली कतार में नजर आए. उनके ठीक बगल में शशि थरूर भी बैठे दिखे. इस दृश्य को पार्टी के भीतर एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.
मल्लिकार्जुन खरगे ने स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए एक ओर जहां कांग्रेस की विरासत और विचारधारा को याद किया, वहीं दूसरी ओर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला. खरगे ने कहा कि आज देश में संविधान और लोकतंत्र खतरे में हैं और पिछले 11 वर्षों में बीजेपी सरकार ने कांग्रेस द्वारा बनाए गए संवैधानिक संस्थानों को कमजोर करने का काम किया है.
